All content free · updated every 5 minutes

भट्टी जी और लैपटॉप

Story Hindi 16 years ago

भट्टी जी और लैपटॉप
जसपाल भट्टी जी लैपटॉप खरीदने गए…

दुकान पर एक सेल्सगर्ल भट्टी जी को देखकर… हैलो सर, मैं आपकी क्या मदद कर सकती हूँ?

भट्टी- आप मेरी क्या मदद करेंगी? हम तो खुद पूरा दिन दूसरों की मदद करते हैं।

सेल्सगर्ल- दरअसल सर, आप लैपटॉप देख रहे थे, इसलिए मैंने पूछ लिया।

भट्टी- देख ही नहीं रहा हूं, मुझे खरीदना भी है।

सेल्सगर्ल- सर, आपको किस उद्देश्य के लिए लैपटॉप चाहिए?

भट्टी- सोसाइटी में अपना स्टेट्स बढ़ाने के लिए…

सेल्सगर्ल- क्या मतलब है सर…?

भट्टी- मेरा मतलब है कि दिखावे के लिए कौन कंप्यूटर खरीदता है.. मुझे तो काम के लिए चाहिए…

सेल्सगर्ल- सर, मैं भी तो यहीं सोच रही थी कि आप जैसे आदमी को दिखावे की क्या जरूरत है…

भट्टी- नहीं जी, हम तो दिखावेबाजी में विश्वास ही नहीं रखते…

सेल्सगर्ल- सर, लेकिन कुछ लोग होते हैं, बी ए फेल होकर भी लैपटॉप ऐसे लटकाए रखते है, जैसे पीएचडी कर रखी हो..

भट्टी- बीए फेल पीएचडी लगने लगता है…

सेल्सगर्ल- जी सर, हमारे लैपटॉप हैं ही ऐसे…

भट्टी- फिर तो मैं एक लैपटॉप खरीद ही लेता हूं.. अगर अनपढ़ लोग लैपटॉप खरीद रहे हैं तो मेरे जैसे पढ़े-लिखे के पास तो एक होना चाहिए…

इतने में भट्टी जी ने एक कंप्यूटर उठा लिया और सेल्सगर्ल से पूछा- यह कितने का है…

सेल्सगर्ल- सर, यह लैपटॉप नहीं मॉनिटर है…

भट्टी- ओह हो ! हाँ, मुझे तो पता है, मैं भी क्लास में मॉनिटर रह चुका हूँ…

सेल्सगर्ल- सर, आपको कैसा लैपटॉप चाहिए?

भट्टी- दरअसल, मैं एक समाज सेवक हूँ, इसलिए ऐसा लैपटॉप दिखाइए जो समाजसेवा के काम आ सके…

सेल्सगर्ल- सर, वैसे आपने कभी कंप्यूटर पर बैठ कर काम किया है?

भट्टी- कंप्यूटर पर बैठ कर तो कभी नहीं किया…

सेल्सगर्ल- सर, वैसे आपको हार्डडिस्क कितनी चाहिए…

भट्टी- अरे, जितनी भी हार्ड हो जाए अच्छा है…

सेल्सगर्ल- सर, हार्ड डिस्क कंप्यूटर की मेमोरी होती है.. आपको कितनी मेमोरी चाहिए…

भट्टी जी हाथ के इशारे से कहते हैं- कि इतनी बड़ी हो जाए ! वैसे आप कितने किलो के हिसाब से देती हैं…?

सेल्सगर्ल- सर, आप लैपटॉप खरीदने आए हैं या तरबूज…

भट्टी जी नाराज हो जाते हैं।

सेल्सगर्ल- सॉरी सर, वैसे आपको कैसा लैपटॉप चाहिए?

भट्टी- सस्ता और टिकाऊ जो मेरी कपड़ों से मैच करता हो…

इतना सुनते ही सेल्सगर्ल दुकान बंद कर भाग गई…!!!

Categories Hindi
More stories See all